“कंगना रनौत की नानी इंद्राणी ठाकुर का निधन, 100 वर्ष से अधिक थीं आयु“
बॉलीवुड अभिनेत्री और मंडी से भाजपा सांसद कंगना रनौत की नानी इंद्राणी ठाकुर का शुक्रवार रात निधन हो गया। उनकी उम्र 100 वर्ष से अधिक थी। कंगना रनौत ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर करते हुए अपने प्रशंसकों से अपील की है कि वे उनकी नानी की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करें।
कंगना ने बताया कि उनके परिवार के लिए यह बहुत ही दुखद क्षण है, और वे सभी शोकाकुल हैं। इंद्राणी ठाकुर को कुछ दिन पहले अपने कमरे की सफाई करते समय ब्रेन स्ट्रोक आया था, जिसके बाद वे पिछले कई दिनों से बिस्तर पर थीं।
कंगना ने अपनी नानी के बारे में बताते हुए कहा कि वे कोई साधारण महिला नहीं थीं। उन्होंने पांच बच्चों को जन्म दिया और सीमित संसाधनों के बावजूद उन्हें अच्छी परवरिश दी। कंगना ने यह भी कहा कि उनकी नानी का डीएनए हमेशा उनके साथ रहेगा, जो उनके परिवार के लिए प्रेरणा का स्रोत है।