“सोलन: पहले विश्वविद्यालय कर्मचारी खेल और सांस्कृतिक मीट का उद्घाटन“
डॉ. यशवंत सिंह परमार औद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय नौणी के मुख्य परिसर में आज पहले विश्वविद्यालय कर्मचारी खेल और सांस्कृतिक मीट का उद्घाटन किया गया। इस विशेष कार्यक्रम में छात्रों ने अपने शिक्षकों और विश्वविद्यालय के कर्मचारियों का उत्साहपूर्वक समर्थन किया।
इस आयोजन में विभिन्न अनुसंधान स्टेशनों, कृषि विज्ञान केंद्रों और कॉलेजों से बनी पांच टीमें भाग ले रही हैं, जिसमें बागवानी कॉलेज, वानिकी कॉलेज, नेरी और थुनाग के कॉलेज, और प्रशासनिक ब्लॉक की टीमें शामिल हैं।
कार्यक्रम का उद्घाटन विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर राजेश्वर सिंह चंदेल ने किया। अपने सम्बोधन में, प्रो. चंदेल ने बताया कि यह आयोजन विश्वविद्यालय के 39 साल के इतिहास में पहली बार हो रहा है। उन्होंने कर्मचारियों और छात्रों के बीच स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
प्रो. चंदेल ने कहा, “अक्सर पेशेवर प्रतिबद्धताओं के कारण कर्मचारी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन नहीं कर पाते हैं। यह दो दिवसीय कार्यक्रम हमारे कर्मचारियों के लिए एक अद्भुत अवसर है।”
कार्यक्रम की शुरुआत मार्च पास्ट से हुई, जिसके बाद डीन स्टूडेंट्स वेलफेयर डॉ. केके रैना ने खेल भावना की शपथ दिलाई। अगले दो दिनों में टीमें विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लेंगी, जिसमें दौड़, लंबी कूद, जेवलीन थ्रो और रस्साकशी शामिल हैं। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में एकल और समूह गीत, समूह नृत्य, बैडमिंटन, टेबल टेनिस, शतरंज, कबड्डी, वॉलीबॉल और क्रिकेट की प्रतियोगिताएं भी आयोजित होंगी।
कार्यक्रम में पहले दिन के परिणाम भी सामने आए, जिसमें डॉ. मनीष शर्मा ने वैधानिक अधिकारियों के लिए 100 मीटर दौड़ में पहला स्थान प्राप्त किया। प्रशासनिक ब्लॉक के प्रो. चंदेल और वित्त नियंत्रक ध्यान सिंह चौहान ने क्रमशर: दूसरा और तीसरा स्थान हासिल किया। विभागाध्यक्षों की 200 मीटर दौड़ में डॉ. रजनीश ने जीत हासिल की, जबकि डॉ. राकेश शर्मा दूसरे और डॉ. वीरेंद्र राणा तीसरे स्थान पर रहे।
महिलाओं की 100 मीटर दौड़ में हॉर्टिकल्चर कॉलेज की दीपिका ने पहला स्थान प्राप्त किया, जबकि थुनाग की डॉ. अरुणा और दीपिका क्रमशर: दूसरे और तीसरे स्थान पर रहीं।
यह कार्यक्रम न केवल प्रतिस्पर्धा का अवसर है, बल्कि कर्मचारियों के लिए एक सामुदायिक भावना का निर्माण भी करता है।