“राज्यपाल मंगुभाई पटेल: पुलिस लोकतांत्रिक व्यवस्था का सशक्त आधार“
भोपाल में पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में पुलिस सशक्त समाज का आधार होती है। उन्होंने पुलिस की सक्रियता और उसके व्यवहार को आम जनता की सुरक्षा का अहम पहलू बताया।
राज्यपाल पटेल लाल परेड ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे, जहां उन्होंने शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित की और शहीद पुलिस कर्मियों के परिजनों से आत्मीय मुलाकात की।
उन्होंने कहा, “पुलिस समाज का अभिन्न हिस्सा है। पुलिस की सक्रिय भागीदारी के बिना विकास की सोच को फलीभूत करना संभव नहीं है।” इसके साथ ही, उन्होंने समाज में शांति, सद्भाव और भाईचारे के माहौल को विकास के लिए आवश्यक बताया।
राज्यपाल ने मध्यप्रदेश पुलिस की सराहना करते हुए कहा कि यह बल देश के श्रेष्ठ बलों में से एक है और ‘देशभक्ति-जनसेवा’ के सिद्धांत को सफलतापूर्वक लागू कर रहा है।
उन्होंने पुलिस की जिम्मेदारियों का जिक्र करते हुए कहा कि कानून-व्यवस्था को सुनिश्चित करने के साथ-साथ देश-प्रदेश की अखंडता और सामाजिक-सांस्कृतिक सद्भाव बनाए रखना भी आवश्यक है। उन्होंने पुलिस को बदलती परिस्थितियों के अनुरूप खुद को अपडेट रखने की सलाह दी।
कार्यक्रम में अपर मुख्य सचिव एसएन. मिश्रा, एडीजी श्री शापू, वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और अन्य गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति रही।
