“मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू का ऐतिहासिक शानन पावर हाऊस का दौरा“
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने आज जिला मंडी के जोगिंद्रनगर में स्थित 110 मेगावाट क्षमता के शानन पावर हाऊस का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने टरबाइन, अल्टरनेटर, एक्साइटर और कंट्रोल रूम सहित विभिन्न सेक्शनों का निरीक्षण किया और अधिकारियों से विद्युत उत्पादन की प्रक्रिया के बारे में जानकारी प्राप्त की।
मुख्यमंत्री ने बरोट से पावर हाऊस तक पानी लाने के लिए उपयोग में लाई जा रही प्राचीन ट्रॉली का भी अवलोकन किया। मीडिया से अनौपचारिक बातचीत में उन्होंने बताया कि उनके दौरे का मुख्य उद्देश्य शानन परियोजना की वर्तमान स्थिति की जानकारी लेना था, जो फिलहाल पंजाब सरकार के नियंत्रण में है।
उन्होंने कहा कि शानन परियोजना की लीज अवधि समाप्त हो चुकी है और इसे हिमाचल प्रदेश को सौंपा जाना चाहिए। मुख्यमंत्री ने इस संबंध में पंजाब सरकार के साथ बातचीत जारी होने की बात भी कही।
सुखविंद्र सिंह ने ऊहल परियोजना के तृतीय चरण का भी निरीक्षण किया और परियोजना के लिए 85 करोड़ रुपए की अतिरिक्त राशि स्वीकृत करने के निर्देश दिए, ताकि धन की कमी से इसका कार्य प्रभावित न हो। उन्होंने बताया कि इस साल मार्च में भी 100 करोड़ रुपए की राशि परियोजना को प्रदान की गई थी।
मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई कि दिसंबर 2024 या जनवरी 2025 तक इस परियोजना से विद्युत उत्पादन शुरू हो सकता है।