जापान की सफल यात्रा के बाद, पीएम मोदी चीन के तियानचिन के लिए हुए रवाना

“जापान यात्रा के बाद प्रधानमंत्री मोदी चीन के तियानजिन रवाना, एससीओ शिखर सम्मेलन में होंगे शामिल”

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को जापान की दो दिवसीय सफल यात्रा पूर्ण करने के बाद अपने दो देशों के दौरे के अगले चरण में चीन के तियानजिन के लिए रवाना हुए। वह चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के निमंत्रण पर 31 अगस्त और 1 सितंबर को होने वाले शंघाई सहयोग परिषद (SCO) राष्ट्राध्यक्षों की 25वीं बैठक में भाग लेंगे।

पीएम मोदी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा कि जापान की यह यात्रा उन उपयोगी परिणामों के लिए याद रखी जाएगी, जिनसे भारत के लोगों को लाभ होगा। उन्होंने जापान के प्रधानमंत्री शिगेरु इशिबा, जापानी जनता और सरकार का आभार भी व्यक्त किया।

शनिवार को पीएम मोदी ने टोक्यो में 16 प्रीफेक्चर के गवर्नरों से मुलाकात की और भारत-जापान विशेष रणनीतिक और वैश्विक साझेदारी को नई दिशा देने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि अब समय है कि संबंधों को केवल टोक्यो और दिल्ली तक सीमित रखने के बजाय राज्य-प्रान्त स्तर पर भी मजबूत किया जाए।

यात्रा के दौरान पीएम मोदी ने जापानी प्रधानमंत्री शिगेरु इशिबा के साथ सेंडाई शहर तक बुलेट ट्रेन से यात्रा की और वहां टोक्यो इलेक्ट्रॉन मियागी लिमिटेड (TEL मियागी) का दौरा किया। दोनों नेताओं ने फैक्ट्री में सेमीकंडक्टर सप्लाई चेन और मैन्युफैक्चरिंग क्षमताओं का अवलोकन किया तथा इस क्षेत्र में भारत-जापान सहयोग को और आगे बढ़ाने पर सहमति जताई।

शुक्रवार को टोक्यो पहुंचने पर प्रधानमंत्री मोदी का भव्य स्वागत हुआ और उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। उनकी उपस्थिति में भारत और जापान के बीच कई समझौते हुए तथा 15वें भारत-जापान वार्षिक शिखर सम्मेलन के दौरान दोनों देशों ने आने वाले दस वर्षों के लिए आठ प्रमुख क्षेत्रों में सहयोग को और मजबूत करने का संकल्प लिया।

प्रधानमंत्री मोदी की यह यात्रा भारत-जापान संबंधों को नई गति देने के साथ-साथ क्षेत्रीय और वैश्विक सहयोग को भी नई दिशा प्रदान करने वाली मानी जा रही है।

Spread the love

More From Author

बिहारशरीफ:’विकसित भारत का अमृत काल’ पर चित्र प्रदर्शनी आयोजित

आवाज़ से वीडियो तक: भारतीय स्टार्टअप ‘कोयल’ की उड़ान

Recent Posts