“वर्तमान में देश में 10 वंदे भारत स्लीपर ट्रेनों का निर्माण कार्य प्रगति पर है।“
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि पहला प्रोटोटाइप तैयार हो चुका है और जल्द ही इसका फील्ड ट्रायल किया जाएगा। इसके अलावा, 200 वंदे भारत स्लीपर रेक के निर्माण कार्य को प्रौद्योगिकी भागीदारों को सौंपा गया है। इन ट्रेनों की समय-सीमा परीक्षणों के सफल समापन पर निर्भर करेगी।
136 वंदे भारत ट्रेन सेवाएं चालू
भारतीय रेलवे ने 2 दिसंबर तक देश के ब्रॉड गेज विद्युतीकृत नेटवर्क पर 136 वंदे भारत ट्रेन सेवाएं शुरू की हैं, जो यात्रियों के लिए छोटी और मध्यम दूरी की यात्रा को सुविधाजनक बना रही हैं।
एलएचबी कोच उत्पादन में वृद्धि
रेल मंत्री ने जानकारी दी कि भारतीय रेलवे की उत्पादन इकाइयां वर्ष 2018 से केवल एलएचबी कोच का निर्माण कर रही हैं। 2014-24 के दौरान 36,933 एलएचबी कोच बनाए गए, जो 2004-14 के 2,337 कोच की तुलना में 16 गुना अधिक है। एलएचबी कोच तकनीकी रूप से उन्नत हैं और इनमें एयर सस्पेंशन, एंटी क्लाइम्बिंग फीचर, विफलता संकेत प्रणाली तथा कम संक्षारक शेल जैसी विशेषताएं हैं।
दिव्यांगजनों के लिए सुगमता सुनिश्चित
“सुगम्य भारत मिशन” के तहत, भारतीय रेलवे दिव्यांगजनों और कम गतिशीलता वाले यात्रियों के लिए सुविधाएं उपलब्ध करा रहा है। नवंबर 2024 तक, 399 स्टेशनों पर 1,512 एस्केलेटर और 609 स्टेशनों पर 1,607 लिफ्टें लगाई जा चुकी हैं।
