“गोवा में पारंपरिक शिगमो महोत्सव की धूम, दो सप्ताह तक चलेगा सांस्कृतिक उत्सव“
गोवा में इस समय पारंपरिक शिगमो महोत्सव की धूम मची हुई है। यह भव्य सांस्कृतिक उत्सव 15 मार्च से शुरू हुआ और 29 मार्च तक चलेगा। शिगमो महोत्सव वसंत ऋतु के आगमन का स्वागत करने के लिए मनाया जाता है, और इस दौरान रंग-बिरंगी झांकियों, लोक नृत्यों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आयोजन किया जाता है, जो गोवा की समृद्ध विरासत को प्रदर्शित करते हैं।
गोवा के पर्यटन मंत्री रोहन खंवटे ने बताया, “गोवा में दो प्रमुख त्योहार – कार्निवल और शिगमो हैं। हाल ही में कार्निवल को पूरे जोश के साथ मनाया गया और अब शिगमो का जश्न मनाया जा रहा है, जो 15 दिनों तक चलता है और लगभग 18 विधानसभा क्षेत्रों में मनाया जाता है। शिगमो हमारी पारंपरिक और सांस्कृतिक धरोहर का हिस्सा है।”
शिगमो महोत्सव, जिसे स्थानीय भाषा में शिगमोस्तव कहा जाता है, गोवा के हिंदू समुदाय के लिए विशेष महत्व रखता है। यह त्योहार फाल्गुन महीने में मनाया जाता है। मंत्री खंवटे ने कहा कि गोवा अब पर्यटकों के लिए समुद्र तटों के अलावा अन्य आकर्षण भी बढ़ा रहा है। उन्होंने कहा, “हम गोवा में पर्यटन को समुद्र तटों से आगे ले जाना चाहते हैं। पर्यटक यहां आकर नई चीजें देखना चाहते हैं, इसलिए हम अपने उत्सवों को और भी भव्य बना रहे हैं। हम चिखल कालो (मिट्टी का त्योहार) और साओ जोआओ (संत जॉन द बैपटिस्ट का सम्मान करने वाला पर्व) जैसे नए त्योहार भी जोड़ रहे हैं।”
इस उत्सव में शामिल एक पर्यटक ने कहा, “यह हमारा गोवा और भारत का पहला दौरा है। हमें इतना भव्य अनुभव मिलने की उम्मीद नहीं थी। यह बहुत रंगीन है और लोग काफी दोस्ताना हैं। हम खुश हैं कि हमने इस उत्सव को देखा।” वहीं, ईरान से आए एक अन्य पर्यटक ने कहा, “यह बहुत खूबसूरत समारोह है और हम यहां आकर बहुत खुश हैं। मैंने पहले कभी ऐसा त्योहार नहीं देखा। उम्मीद है कि यह लंबे समय तक चलता रहेगा।”
