“योग संगम 2025 के लिए पंजीकरण ने पार किया 4 लाख का आंकड़ा, विशाखापत्तनम बनेगा ऐतिहासिक आयोजन का केंद्र”
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस (IDY) 2025 के मुख्य आयोजन योग संगम के लिए पंजीकरण का आंकड़ा ऐतिहासिक 4 लाख से अधिक हो गया है। यह देश के किसी भी आयोजन में अब तक की सबसे बड़ी सहभागिता मानी जा रही है।
राजस्थान 1,38,033 संगठनों के पंजीकरण के साथ इस अभियान में सबसे आगे है, जबकि आंध्र प्रदेश भी 1 लाख से अधिक आयोजनों के साथ दूसरे स्थान पर है। देश भर में लाखों स्थानों पर 21 जून को सामूहिक योग अभ्यास का आयोजन किया जाएगा, जो भारत की स्वास्थ्य जागरूकता यात्रा में मील का पत्थर साबित होगा।
इस राष्ट्रीय अभियान का सबसे प्रमुख आयोजन विशाखापत्तनम में होगा, जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू और आयुष मंत्रालय के केंद्रीय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं स्वास्थ्य राज्य मंत्री प्रतापराव जाधव की उपस्थिति में 5 लाख से अधिक योग साधक एक साथ योग करेंगे।
योग संगम 2025 कार्यक्रम 21 जून की सुबह 6:30 बजे से 7:45 बजे तक आयोजित किया जाएगा। इस अभूतपूर्व आयोजन में लाखों की संख्या में संस्थान, संगठन और समुदाय एक साथ भाग लेंगे, जिससे यह अब तक का सबसे बड़ा सामूहिक योग प्रदर्शन बनने की ओर अग्रसर है।
