“भारत-फ्रांस संयुक्त सैन्य अभ्यास ‘शक्ति-VIII’ में भाग लेने रवाना हुई भारतीय सेना की टुकड़ी”
भारतीय सेना की एक टुकड़ी मंगलवार को फ्रांस में आयोजित होने वाले भारत-फ्रांस संयुक्त सैन्य अभ्यास ‘शक्ति’ के आठवें संस्करण में भाग लेने के लिए रवाना हुई। यह द्विवार्षिक अभ्यास 18 जून से 1 जुलाई 2025 तक फ्रांस के कैंप लारजैक, ला कैवेलरी में आयोजित किया जाएगा।
भारतीय दल में जम्मू और कश्मीर राइफल्स की एक बटालियन सहित सेना के कुल 90 जवान शामिल हैं, जबकि फ्रांसीसी सेना की ओर से 13वीं विदेशी सेना हाफ-ब्रिगेड (13e DBLE) के 90 सैनिक इस अभ्यास में भाग लेंगे।
‘अभ्यास शक्ति’ का उद्देश्य दोनों सेनाओं के बीच पारस्परिक सहयोग, संयुक्त संचालन क्षमताओं और अंतर-संचालन को बढ़ावा देना है। इस वर्ष का अभ्यास विशेष रूप से संयुक्त राष्ट्र चार्टर के अध्याय VII के अंतर्गत अर्ध-शहरी क्षेत्रों में संयुक्त अभियानों पर केंद्रित होगा।
अभ्यास में सामरिक अभ्यासों के साथ-साथ रणनीति, तकनीक और प्रक्रियाओं का आदान-प्रदान, आधुनिक सैन्य उपकरणों का प्रशिक्षण और शारीरिक सहनशक्ति को मजबूत करने पर भी जोर दिया जाएगा। यह दोनों देशों की सेनाओं के बीच पेशेवर रिश्तों, एकता और आपसी समझ को और प्रगाढ़ करेगा।
‘शक्ति-VIII’ भारत और फ्रांस के बीच रक्षा साझेदारी को और सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जो दोनों देशों के रणनीतिक संबंधों को नई ऊंचाइयों तक ले जाने में मदद करेगा।