“मंडी: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू का ऊहल परियोजना का निरीक्षण“
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने आज जोगिन्द्रनगर विधानसभा क्षेत्र में ऊहल परियोजना के तृतीय चरण का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि परियोजना को समय पर पूरा करने के लिए धन की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने मौके पर ही इस परियोजना की सॉवरन गारंटी के रूप में 85 करोड़ रुपए की अतिरिक्त राशि स्वीकृत करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने बताया कि मार्च 2024 में पहले ही 100 करोड़ रुपए की राशि परियोजना को प्रदान की जा चुकी है। उन्होंने परियोजना की लागत में वृद्धि का जिक्र करते हुए कहा कि पिछले कई सालों से इसका कार्य चल रहा है, लेकिन वर्तमान प्रदेश सरकार ने इसे गति प्रदान की है।
सुखविंद्र सिंह ने आशा जताई कि दिसंबर 2024 या जनवरी 2025 तक विद्युत उत्पादन शुरू हो सकता है। परियोजना के निर्माण कार्य में गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए टाटा पावर लिमिटेड को थर्ड पार्टी क्वालिटी कंट्रोल का दायित्व सौंपा गया है।
उन्होंने कहा कि विद्युत उत्पादन से हिमाचल प्रदेश को अतिरिक्त आय प्राप्त होगी और प्रदेश सरकार इसके लिए ठोस कदम उठा रही है। मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार ने ऊर्जा उत्पादन से संबंधित विभिन्न कार्यों के लिए अधिकारियों को शक्तियों के हस्तांतरण पर विचार किया है।
इस मौके पर ऊहल परियोजना के प्रबंध निदेशक देवेंद्र सिंह ने वीडियो प्रस्तुति के माध्यम से परियोजना की विस्तृत जानकारी दी। मुख्यमंत्री के साथ प्रदेश कांग्रेस सचिव जीवन ठाकुर, कांग्रेस जिलाध्यक्ष पवन ठाकुर, उपायुक्त अपूर्व देवगन और अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।