“रीवा: संजय गांधी स्मृति चिकित्सालय में जटिल सर्जरी से कटे हाथ को सफलतापूर्वक जोड़ा गया“
संजय गांधी स्मृति चिकित्सालय, रीवा के प्लास्टिक सर्जरी विभाग ने एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। चिकित्सकों ने दुर्घटनाग्रस्त अनिल साकेत का कटा हुआ हाथ जटिल शल्य चिकित्सा द्वारा सफलतापूर्वक जोड़ने में सफलता प्राप्त की।
इस उपलब्धि पर उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने प्लास्टिक सर्जन डॉ. अजय पाठक एवं उनकी टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि इस तरह की सफल शल्य चिकित्सा से प्रदेश की जनता को उत्कृष्ट स्वास्थ्य सेवाएं मिल रही हैं।
कटे हुए हाथ को जोड़ने की सफल शल्य चिकित्सा
ग्राम सलैया, जिला सीधी निवासी 28 वर्षीय अनिल साकेत का बायां हाथ लकड़ी काटने की मशीन से कलाई से पूर्णतः अलग हो गया था। मरीज को गंभीर स्थिति में अस्पताल लाया गया, जहां वरिष्ठ प्लास्टिक एवं शल्य चिकित्सकों ने तत्काल अंग पुनः जोड़ने की प्रक्रिया शुरू करने का निर्णय लिया।
प्लास्टिक सर्जन डॉ. अजय पाठक और वरिष्ठ चिकित्सकों की टीम ने लगभग 6 घंटे तक चली इस जटिल सर्जरी को सफलतापूर्वक संपन्न किया। इस सर्जरी में अस्थि रोग विभाग के डॉ. बी.बी. सिंह, निश्चेतना विभाग के डॉ. अरविंद राठिया तथा डॉ. आशुतोष का विशेष योगदान रहा।
सफल ऑपरेशन से मरीज को नया जीवन
इस चिकित्सा सफलता ने आधुनिक प्लास्टिक सर्जरी और चिकित्सा क्षेत्र में रीवा चिकित्सालय की प्रतिष्ठा को और मजबूत किया है। मरीज की स्थिति स्थिर बताई जा रही है और चिकित्सकों की टीम उनके सतत उपचार और पुनर्वास पर कार्य कर रही है।
