“राष्ट्रीय मछुआरा दिवस पर केंद्र सरकार की बड़ी घोषणा: मछली निर्यात दोगुना करने का लक्ष्य“
राष्ट्रीय मछुआरा दिवस के अवसर पर केंद्र सरकार ने मछली पालन और निर्यात को लेकर अहम घोषणा की है। केंद्रीय मत्स्य पालन, पशुपालन एवं डेयरी मंत्री राजीव रंजन सिंह ने भुवनेश्वर में आयोजित कार्यक्रम में बताया कि सरकार भारत के मछली निर्यात को दोगुना करने के लक्ष्य पर काम कर रही है। वर्तमान में मछली निर्यात लगभग 60,500 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।
मंत्री ने कहा कि आईसीएआर-CIFA (Central Institute of Freshwater Aquaculture) द्वारा विकसित की गई तकनीकें उत्पादन बढ़ाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में सक्षम हैं। सरकार का उद्देश्य है कि ये तकनीकें देशभर के मछुआरों और किसानों तक पहुंचें, जिसके लिए कौशल विकास और प्रशिक्षण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान राजीव रंजन सिंह ने बताया कि सरकार जल्द ही वैज्ञानिक प्रजनन, मत्स्य प्रबंधन और एकीकृत खेती मॉडल पर आधारित योजनाएं शुरू करेगी। इनका उद्देश्य न केवल उत्पादन बढ़ाना है, बल्कि किसानों और मछुआरों की भागीदारी को भी सशक्त बनाना है ताकि भारत वैश्विक स्तर पर मत्स्य पालन में अग्रणी बन सके।
मंत्री ने यह भी साझा किया कि पिछले 11 वर्षों में मछली उत्पादन 95.79 लाख टन से बढ़कर 195 लाख टन हो गया है। खासतौर पर अंतर्देशीय मत्स्य पालन में 140% की वृद्धि दर्ज की गई है। उन्होंने गुणवत्ता, स्थिरता और अंतरराष्ट्रीय मानकों को बनाए रखने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री एस.पी. सिंह बघेल, जॉर्ज कुरियन और ओडिशा के मत्स्य मंत्री गोकुलानंद मलिक भी मौजूद रहे।
