‘योगांध्र’ के गिनीज रिकॉर्ड बनाने पर पीएम मोदी खुश, आंध्र प्रदेश की जनता को सराहा

‘योगांध्र 2025’ ने बनाया गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड, पीएम मोदी ने दी बधाई, कहा – योग फिर से लोगों को जोड़ता है

आंध्र प्रदेश में आयोजित ‘योगांध्र 2025’ कार्यक्रम ने इतिहास रचते हुए गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में अपना नाम दर्ज कराया है। इस उपलब्धि पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रतिक्रिया देते हुए आंध्र प्रदेश की जनता की सराहना की और इसे योग के लिए जनांदोलन बताया।

प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया मंच एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स की पोस्ट को रिपोस्ट करते हुए लिखा –
“योग एक बार फिर लोगों को साथ लाता है। आंध्र प्रदेश के लोगों को बधाई, जिस तरह से उन्होंने योग को अपने जीवन का हिस्सा बनाने के लिए आंदोलन को मजबूत किया है। योगांध्र पहल और विशाखापत्तनम में कार्यक्रम, जिसमें मैंने भी भाग लिया, हमेशा कई लोगों को अच्छे स्वास्थ्य और कल्याण के लिए प्रेरित करेगा।”

इस ऐतिहासिक आयोजन में कुल 3,00,105 प्रतिभागियों ने एक साथ योग कर दुनिया के सबसे बड़े योग सत्र का रिकॉर्ड बनाया। कार्यक्रम का आयोजन विशाखापत्तनम के आरके बीच से भोगापुरम तक फैले 28 किलोमीटर लंबे क्षेत्र में किया गया था।

प्रधानमंत्री मोदी स्वयं आरके बीच पर योग प्रदर्शन में शामिल हुए और कॉमन योग प्रोटोकॉल का अभ्यास कर प्रतिभागियों का नेतृत्व किया। उनके साथ इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू, डिप्टी सीएम पवन कल्याण, राज्यपाल एस. अब्दुल नज़ीर तथा केंद्र व राज्य सरकार के मंत्री भी शामिल रहे।

मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने इस उपलब्धि को राज्य के नागरिकों की सामूहिक सफलता बताते हुए कहा –
“आप सभी का धन्यवाद, जिन्होंने इसे संभव बनाया। यह रिकॉर्ड बताता है कि जब हम एकजुट होकर काम करते हैं तो हम क्या हासिल कर सकते हैं। यह आंध्र प्रदेश की प्रेरणादायक उपलब्धि है।”

इसके अलावा, कार्यक्रम के एक दिन पूर्व विशाखापत्तनम में 22,122 आदिवासी छात्रों ने एक साथ सूर्य नमस्कार का अभ्यास कर सबसे बड़े सिंक्रोनाइज्ड सूर्य नमस्कार का एक अन्य गिनीज रिकॉर्ड भी अपने नाम किया।

‘योगांध्र 2025’ ने न केवल वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया बल्कि योग के ज़रिए एकता, स्वास्थ्य और संस्कृति के अद्वितीय संगम का उदाहरण भी प्रस्तुत किया।

Spread the love

More From Author

पहलगाम आतंकी हमला: दो लोगों पर लश्कर आतंकियों को पनाह देने का आरोप, NIA ने किया गिरफ्तार

अमेरिका के ईरान पर हमले से कच्चे तेल की कीमतों में हो सकता है इजाफा

Recent Posts