दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने नागरिकों से स्वच्छता को अपनी दैनिक आदत बनाने की अपील करते हुए कहा कि एक साफ और सुंदर राजधानी का निर्माण केवल सरकार के प्रयासों से नहीं, बल्कि हर नागरिक की भागीदारी से संभव है। उन्होंने कहा कि दिल्ली को देश की सबसे स्वच्छ और व्यवस्थित राजधानी बनाने के लिए जनसहयोग सबसे बड़ी ताकत है।
मुख्यमंत्री ने हाल ही में आयोजित ‘एक दिन, एक घंटा, एक साथ’ श्रमदान अभियान में हिस्सा लेते हुए कहा कि स्वच्छता केवल सफाई का कार्य नहीं, बल्कि समाज के प्रति हमारी जिम्मेदारी और संस्कार का प्रतीक है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ भारत मिशन का उल्लेख करते हुए कहा कि इस अभियान ने पूरे देश में स्वच्छता के प्रति नई जागरूकता पैदा की है और दिल्ली भी उसी दिशा में तेज़ी से आगे बढ़ रही है।
रेखा गुप्ता ने कहा कि राजधानी के बाजार, सड़कें, पार्क, सार्वजनिक स्थल और
ऐतिहासिक धरोहर तभी साफ रहेंगे, जब प्रत्येक नागरिक अपनी जिम्मेदारी समझे।
उन्होंने विशेष रूप से व्यापारियों, दुकानदारों और स्थानीय निवासियों से अपील
की कि वे अपने आसपास के क्षेत्र को साफ-सुथरा रखें और कूड़ा निर्धारित स्थान पर ही डालें।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि सरकार आधुनिक सफाई व्यवस्था,
बेहतर कचरा प्रबंधन और जनभागीदारी के माध्यम से दिल्ली को स्वच्छ,
सुंदर और पर्यावरण के अनुकूल शहर बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है।
उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि वे स्वच्छता को केवल अभियान नहीं,
बल्कि अपनी जीवनशैली का हिस्सा बनाएं ताकि आने
वाली पीढ़ियों को एक बेहतर और स्वस्थ राजधानी मिल सके।
